खाजूवाला : फर्जी मुख्त्यारनामे से 25 बीघा पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, भाई-भाभी समेत चार के खिलाफ केस दर्ज

खाजूवाला : फर्जी मुख्त्यारनामे से 25 बीघा पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, भाई-भाभी समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
खाजूवाला | RKhabar
खाजूवाला थाना क्षेत्र में 25 बीघा पैतृक कृषि भूमि के कथित फर्जी बैनामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी मुख्त्यारनामा (पावर ऑफ अटॉर्नी) तैयार कर पैतृक जमीन का बैनामा करवा लिया गया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर भाई, उसकी पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोगासर (चूरू) निवासी एवं वर्तमान में 6 एसजेएम, खाजूवाला निवासी महेश कुमार पुत्र मालाराम मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता मालाराम के नाम 25 बीघा कृषि भूमि दर्ज थी। पिता के निधन के बाद उसके भाई भगवानाराम ने अन्य वारिसों को जानकारी दिए बिना विरासत अपने पक्ष में दर्ज करवा ली। इसके बाद वर्ष 2021 में कथित रूप से फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची गई।
परिवादी का आरोप है कि मुख्त्यारनामे में कुछ वारिसों के वास्तविक फोटो लगाए गए, जबकि अन्य की जगह अलग व्यक्तियों के फोटो, फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाकर दस्तावेज तैयार किया गया। इसी कथित फर्जी दस्तावेज के आधार पर भगवानाराम ने पैतृक कृषि भूमि का बैनामा अपनी पत्नी तेजादेवी के नाम करवा दिया। आरोप है कि बाद में इसी जमीन के आधार पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ भी लिया गया।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब परिवार के अन्य सदस्यों को इस पूरे मामले की जानकारी मिली और उन्होंने विरोध जताया, तब आरोपियों ने कथित रूप से जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार कराने की बात स्वीकार की।
खाजूवाला पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भगवानाराम, तेजादेवी, कालू और प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कोहरसिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।