जयपुर : पुलिस ने हिट-एंड-रन मामले का किया खुलासा, 16 लोगों को कुचलने वाला आरोपी गिरफ्तार

post 149

जयपुर : पुलिस ने हिट-एंड-रन मामले का किया खुलासा, 16 लोगों को कुचलने वाला आरोपी गिरफ्तार

जयपुर: खरबास सर्कल पर लोगों को कार से कुचलने के चर्चित मामले में वांटेड चालक दिनेश रणवा को पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने की कोशिश में सड़क पर गिरकर चोटिल हो गया। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि आरोपी दिनेश रणवा निवासी रणवा की ढाणी (दूधवा, चूरू) को दबोचा गया है।

पुलिस ने आरोपी की तलाश में करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। 9 जनवरी को दिनेश ने तेज गति से लग्जरी कार चलाकर कई लोगों और ठेलों को चपेट में लिया था। गोनेर से लेकर रिंग रोड, हाईवे ढाबे, ट्रक स्टैंड, जंगल क्षेत्रों और सोलर प्लांट साइट्स पर लगातार दबिश दी गई। आरोपी के बैंक खाते और यूपीआई फ्रीज कराए गए। लगभग 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर आखिरकार सुराग मिला।

पुलिस पूछताछ में दिनेश ने बताया कि हादसे के बाद वह गोनेर की ओर भागा और रिंग रोड किनारे-किनारे पैदल चलता रहा। थकने और चोटिल होने के कारण जंगल में रुका और चरवाहों से खाना मांगा। बाद में ट्रकों से लिफ्ट लेकर हरियाणा और हरिद्वार तक गया और फिर राजस्थान लौटा। पैसे खत्म होने और लगातार भटकने के बाद वह रिंग रोड क्षेत्र के ढाबों पर रुका। परिचितों से संपर्क करने की कोशिश करते समय पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा ने बताया कि कार दिनेश चला रहा था, और उसके साथ मुकेश रणवा, पप्पू और मांगीलाल मौजूद थे। घटना के बाद सभी फरार हो गए। इनमें से मुकेश और पप्पू पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इसके अलावा फरारी में मदद देने, शरण देने और संसाधन उपलब्ध कराने के आरोप में नितिन, अशोक, सुमित भागचंद और शिवराज को भी गिरफ्तार किया गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि 16 अन्य घायल हुए, जिनमें कुछ ने निजी अस्पताल में उपचार करवाया।

You may have missed