IPL 2026 टिकट फ्रॉड अलर्ट: राजस्थान पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी, फर्जी वेबसाइट्स और लिंक से रहें सावधान

post 1847 (1)

जयपुर। सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL मुकाबला खेला जाना है। मैच को लेकर जहां फैंस में जबरदस्त उत्साह है, वहीं साइबर ठग इस मौके का फायदा उठाने में जुटे हैं। राजस्थान पुलिस ने फर्जी टिकट घोटालों को लेकर एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

फर्जी वेबसाइट और क्लोन ऐप्स से ठगी:-

पुलिस के अनुसार, IPL 2026 के दौरान टिकटों की भारी मांग को देखते हुए साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट्स, क्लोन मोबाइल ऐप्स और सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। ये प्लेटफॉर्म दिखने में आधिकारिक जैसे लगते हैं, लेकिन भुगतान करने के बाद टिकट उपलब्ध नहीं कराते और ठग गायब हो जाते हैं।

ऐसे देते हैं ठगी को अंजाम:-

साइबर ठग सस्ते दाम या VIP टिकट का लालच देकर फर्जी लिंक शेयर करते हैं। कई मामलों में नकली QR कोड या ई-टिकट भेज दिए जाते हैं, जो स्कैनिंग के दौरान अमान्य साबित होते हैं। एक क्लिक में ही बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा बना रहता है।

सावधानी बरतने की अपील:-

पुलिस ने फैंस को सलाह दी है कि टिकट खरीदते समय केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। किसी भी वेबसाइट पर भुगतान से पहले URL की स्पेलिंग, ‘https’ और लॉक आइकन की जांच जरूर करें। अनजान नंबर या सोशल मीडिया से मिले QR कोड को स्कैन कर भुगतान करने से बचें।

अन्य शहरों में भी सामने आए मामले:-

हाल के दिनों में देश के अन्य शहरों में भी फर्जी IPL टिकट के नाम पर ठगी के मामले सामने आए हैं। कुछ मामलों में लोगों से लाखों रुपए तक की ठगी की गई है।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन:-

यदि किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस या साइबर थाने से भी संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस की निगरानी जारी:-

जयपुर में फिलहाल चेतावनी जारी की गई है और साइबर क्राइम शाखा संदिग्ध लिंक व प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी कर रही है। फर्जी वेबसाइट्स और लिंक को ब्लॉक करने की कार्रवाई भी जारी है।

पुलिस ने अपील की है कि क्रिकेट का आनंद लेते समय सतर्कता बरतें, ताकि उत्साह के बीच किसी प्रकार की आर्थिक ठगी का शिकार न होना पड़े।