“मेरी गारंटी है कि बेनीवाल फिर लोकसभा नहीं पहुंच पाएंगे”, दिलावर बोले- वो खुद को ताकतवर समझ रहे हैं

राजस्थान, प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हनुमान बेनीवाल पर तीखा सियासी हमला बोला है। दिलावर ने कहा कि जिन्हें सहारा दिया जाता है, वही लोग खुद को ज्यादा ताकतवर समझने लगते हैं। उन्होंने बेनीवाल पर जनता का भरोसा खोने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि अब उनके लिए चुनाव जीतना मुश्किल हो गया है।
नागौर की सियासत में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है। पंचायत और निकाय चुनावों से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
“बीजेपी को आंख दिखाने लगे बेनीवाल”
दिलावर ने कहा कि नागौर लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बेनीवाल का समर्थन किया था, क्योंकि वे पहले भाजपा से विधायक रह चुके थे और उन्हें संसद तक पहुंचाना लक्ष्य था। लेकिन सांसद बनने के बाद उन्होंने भाजपा के खिलाफ ही रुख अपनाया। इसके बाद कांग्रेस के समर्थन से जीत हासिल करने के बावजूद वे कांग्रेस पर भी हमलावर रहे।
विश्वसनीयता पर उठे सवाल:-
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह के व्यवहार से बेनीवाल की साख को नुकसान पहुंचा है और उनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दिलावर ने यह भी दावा किया कि मौजूदा हालात में बेनीवाल के लिए दोबारा लोकसभा पहुंचना बेहद कठिन होगा।