बीकानेर में तेज रफ्तार डंपर ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

100429959

बीकानेर। Rkhabar
शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में जैसलमेर रोड पर करमीसर तिराहे के पास गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बुजुर्ग को चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 65 वर्षीय अब्दुल रहमान कोहरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार अब्दुल रहमान बाइक से अपने साथी के साथ जाट धर्मशाला की ओर से करमीसर तिराहे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि डंपर बुजुर्ग को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई और मौके पर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।

पुलिस ने शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करमीसर तिराहे और आसपास के क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

You may have missed