राजस्थान के 8 जिलों में हीटवेव अलर्ट, IMD की चेतावनी- 45°C के पार पहुंचेगा पारा, अगले 4 दिन सतर्क रहें

राजस्थान में अब भीषण गर्मी का असर तेज होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी सप्ताह के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट घोषित किया है।
रविवार को अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ में लू का असर देखा गया। वहीं सोमवार को आठ जिलों—खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, चूरू, अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर और झुंझुनूं—में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। यह स्थिति 23 अप्रैल तक बनी रहने की संभावना है, इस दौरान तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मंगलवार के लिए अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इधर, रविवार को नौ शहरों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जिसमें कोटा सबसे गर्म रहा और यहां पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हीटवेव के दौरान रखें ये सावधानियां:-
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
- बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को टोपी, दुपट्टा या छाते से ढकें।
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं।
- ORS, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें।
- तला-भुना भोजन कम लें, तरबूज, खीरा और ककड़ी जैसे फल ज्यादा खाएं।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- घर में ठंडक बनाए रखने के लिए पर्दे, कूलर या पंखे का उपयोग करें।
लू के लक्षण पहचानें:-
- चक्कर आना, उल्टी, तेज सिरदर्द और बुखार।
- ऐसे लक्षण दिखें तो व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर पानी या ORS दें।
- यदि व्यक्ति बेहोश हो जाए, तेज बुखार बना रहे या हालत बिगड़ती नजर आए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।