दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने लोहे के ऐंगल से की पत्नी की हत्या, बेटी भी गंभीर रूप से घायल

दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने लोहे के ऐंगल से की पत्नी की हत्या, बेटी भी गंभीर रूप से घायल
जोधपुर। जिले के गुड़ा बिश्नोइयान गांव में गुरुवार तड़के घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। गुस्से में आए पति ने अपनी पत्नी पर लोहे की ऐंगल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने आई 15 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
सिर पर वार से महिला की मौत:-
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब चार बजे की है। गांव निवासी बीरबलराम बिश्नोई और उसकी पत्नी गुड्डी देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। आरोपी पति ने पास में पड़ी लोहे की ऐंगल उठाकर पत्नी के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी।
बीच-बचाव में बेटी घायल:-
मां पर हमला होता देख दंपती की 15 वर्षीय बेटी उन्हें बचाने आगे आई, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। बेटी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में जोधपुर स्थित एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गुड्डी देवी को मृत घोषित कर दिया। शव को बाद में मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने पति को लिया हिरासत में:-
घायल बेटी का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। सूचना पर विवेक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति बीरबलराम को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खेती करता है और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।