हनुमानगढ़: गणतंत्र दिवस पर किसानों का अनूठा प्रदर्शन, एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में निकाली 20 किलोमीटर लंबी तिरंगा ट्रैक्टर रैली

post 257 (1)

हनुमानगढ़: गणतंत्र दिवस पर किसानों का अनूठा प्रदर्शन, एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में निकाली 20 किलोमीटर लंबी तिरंगा ट्रैक्टर रैली

Hanumangarh News: जहां एक ओर पूरे देश में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गर्व के साथ मनाया जा रहा था, वहीं हनुमानगढ़ जिले में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसानों ने अनूठे अंदाज में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। हजारों किसान सैकड़ों ट्रैक्टरों पर तिरंगा फहराते हुए सड़कों पर उतरे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को रखा।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर निकाली गई इस तिरंगा ट्रैक्टर रैली में करीब 500 ट्रैक्टर शामिल हुए। लगभग 20 किलोमीटर लंबी इस रैली में हर ट्रैक्टर पर लहराता तिरंगा देशभक्ति और किसान आंदोलन के संगम का प्रतीक बना।

शहीदों को समर्पित तिरंगा रैली:-

किसान नेता महंगा सिंह सिद्धू ने बताया कि यह तिरंगा रैली शहीदों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि किसान शांति और कानून के दायरे में रहकर ही अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। सिद्धू ने 10 दिसंबर को हुई आगजनी और उपद्रव की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्पष्ट किया कि किसान किसी भी प्रकार की हिंसा के पक्ष में नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को बेवजह हुड़दंगी बताने की कोशिश की जा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि सैकड़ों ट्रैक्टरों पर सवार किसान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से तिरंगा रैली निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन शहीदों ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया, उसी भावना के साथ किसान आज अपने क्षेत्र के लोगों के जीवन और भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

टिब्बी से तलवाड़ा तक निकली रैली:-

रैली से पहले किसान टिब्बी धान मंडी में एकत्र हुए, जहां करीब 500 ट्रैक्टरों पर तिरंगा झंडा लहराता नजर आया। इसके बाद रैली टिब्बी धान मंडी से शुरू होकर सिलवाला और बेहरवाला होते हुए तलवाड़ा पहुंची, जहां शांतिपूर्ण तरीके से इसका समापन किया गया। रैली में हजारों किसानों ने भाग लिया।

You may have missed