Good News: राजस्थान के किसानों के लिए राहत, आज से शुरू हुई गेहूं की सरकारी खरीद, जानें कितना है समर्थन मूल्य

post 391 (1)

Good News: राजस्थान के किसानों के लिए राहत, आज से शुरू हुई गेहूं की सरकारी खरीद, जानें कितना है समर्थन मूल्य

जयपुर। राजस्थान के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रबी विपणन सीजन 2026-27 के अंतर्गत गेहूं की सरकारी खरीद प्रक्रिया आज 1 फरवरी से शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2,585 प्रति क्विंटल तय किया है, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित और सुनिश्चित दाम मिल सकेगा। राज्य सरकार ने खरीद व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार किसान 1 फरवरी से 25 जून 2026 तक गेहूं बिक्री के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। इसके लिए “गेहूं खरीद किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल” सक्रिय किया गया है। किसान स्वयं मोबाइल या कंप्यूटर से पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि सहायता के लिए नजदीकी ई-मित्र केंद्रों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पंजीकरण के लिए अपडेटेड जन आधार कार्ड जरूरी होगा।

सरकार ने भुगतान व्यवस्था को भी पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। किसानों द्वारा बेचे गए गेहूं की राशि सीधे जन आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और भुगतान में देरी नहीं होगी। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बैंक खाते को जन आधार से लिंक करा लें।

प्रदेश में गेहूं की वास्तविक खरीद 10 मार्च से 30 जून 2026 तक की जाएगी। इसके लिए राज्यभर में 383 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर भारतीय खाद्य निगम (FCI), राजफेड, तिलम संघ, नाफेड, एनसीसीएफ और इस वर्ष से राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से गेहूं खरीदा जाएगा।

किसानों को पंजीकरण की स्थिति, खरीद तिथि और अन्य जरूरी जानकारियां एसएमएस के जरिए भी उपलब्ध कराई जाएंगी। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 जारी किया गया है। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिले और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।