बिना पूछे साली की शादी में पहुंची पत्नी, बौखलाए पति ने मारी गोली और फिर खुद को उड़ाया

बिना पूछे साली की शादी में पहुंची पत्नी, बौखलाए पति ने मारी गोली और फिर खुद को उड़ाया
भरतपुर। जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के गांव सिंहावली में शुक्रवार एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब पति-पत्नी के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया। साली के लग्न समारोह में पहुंचे युवक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार आगरा जिले के थाना खैरागढ़ क्षेत्र निवासी राघवेंद्र सिंह अपनी पत्नी राधिका के ससुराल गांव सिंहावली आया था, जहां उसकी साली का लग्न समारोह चल रहा था। समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राघवेंद्र अपनी पत्नी को खींचकर एक कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद कमरे से लगातार दो गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन मौके की ओर दौड़े और दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। राधिका और राघवेंद्र दोनों खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। परिजन तुरंत दोनों को रूपवास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल राधिका को प्राथमिक उपचार के बाद आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर किया गया।