संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर, विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण का संदेश

खाजूवाला, आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय के जिला सचिव मूलचंद तवनिया एवं रामसुख लाल का शुक्रवार को खाजूवाला स्थित विद्यालय में प्रवास रहा। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का अवलोकन किया तथा प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार गेदर ने बताया कि अतिथियों ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा एवं लगन से उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। अच्छी दिनचर्या, सकारात्मक सोच, श्रेष्ठ व्यवहार एवं आत्मविश्वास के माध्यम से स्वयं, परिवार और समाज के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही विद्यालय के आचार्यों से भी संवाद करते हुए संस्कारयुक्त एवं गुणवत्ता आधारित शिक्षा प्रदान करने, स्वयं आदर्श शिक्षक बनने तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा उनके प्रेरक मार्गदर्शन को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए उपयोगी बताया।