तलवार से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार, धड़ से अलग हो गया सिर

6

तलवार से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार, धड़ से अलग हो गया सिर

जोधपुर। चामू थाना क्षेत्र के नाथड़ाऊ गांव में 30 साल पुरानी रंजिश ने बुधवार शाम एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। आपसी दुश्मनी के चलते एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतक मगसिंह राजपुरोहित (पुत्र मंगलसिंह) शाम करीब 6 बजे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि मगसिंह का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। इस नृशंस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह घटना दो परिवारों के बीच करीब तीन दशक से चली आ रही रंजिश का परिणाम है। सूत्रों के अनुसार, इस हत्या को पुराने विवाद और पूर्व में हुई एक हत्या के बदले के रूप में अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में फिलहाल जमीनी विवाद चल रहा था।

You may have missed