Cyber Crime: फर्जी वेबसाइट बनाकर SUV स्कैम, 6 लाख में SUV का झांसा देकर 20 करोड़ की ठगी, तकनीकी मास्टरमाइंड गिरफ्तार

post 952

Cyber Crime: फर्जी वेबसाइट बनाकर SUV स्कैम, 6 लाख में SUV का झांसा देकर 20 करोड़ की ठगी, तकनीकी मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Cyber Crime : जयपुर, सिर्फ 6 लाख रुपये में एसयूवी उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ एसओजी को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसओजी ने इस हाईटेक ठगी नेटवर्क को तकनीकी सहायता देने वाले आरोपी रजनीश कुमार (37) निवासी नसीरपुर अफजलपुर, रुड़की (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में गिरोह के सरगना बंशीलाल उर्फ प्रिंस सैनी, ममता भाटी और दिनेश बागड़ी को गिरफ्तार कर 18 दिसंबर को न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रजनीश कुमार सरगना बंशीलाल के संपर्क में था और उसने ठगी के पूरे नेटवर्क को तकनीकी रूप से मजबूत किया। आरोपी ने फर्जी वेबसाइट, मोबाइल एप और डिजिटल करेंसी तैयार कर ठगी के इस कारोबार को बड़े पैमाने पर फैलाने में अहम भूमिका निभाई।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम:-

जालसाजों ने एक फर्जी वेबसाइट बनाकर मात्र 250 रुपये में आईडी बनाने का लालच दिया, जिससे करीब 82 हजार लोगों को जोड़ा गया। इसके बाद स्कीम के तहत 6 लाख रुपये में एसयूवी देने का झांसा देकर लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये जमा कर लिए। ठगी की रकम से ‘हार्वेस्ट एआई टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी बनाई गई, जिसमें बंशीलाल को निदेशक और उसकी मंगेतर ममता सैनी को सह-निदेशक बनाया गया।

सोशल मीडिया के जरिए कंपनी में निवेश पर 5 लाख 90 हजार रुपये और 12 लाख रुपये में लग्जरी एसयूवी देने का भ्रामक प्रचार किया गया। इस झांसे में आकर बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश किया और आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया।

पेमेंट गेटवे के जरिए करीब 4.92 करोड़ रुपए की ठगी:-

एसओजी की जांच में सामने आया है कि विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट गेटवे के माध्यम से करीब 4.92 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। इसके अलावा भोपालगढ़ में रिवार्ड सेरेमनी के नाम पर लगभग 15 करोड़ रुपये और जुटाए गए, जिनका उपयोग व्यक्तिगत विलासिता और अन्य खर्चों में किया गया। फिलहाल एसओजी मामले की गहन जांच कर रही है।

You may have missed