फर्जी ट्रेड लिंक भेजकर करोड़ों रुपए ठगे, 2 गिरफ्तार:2 थार और 4 मोबाइल भी जब्त

5

फर्जी ट्रेड लिंक भेजकर करोड़ों रुपए ठगे, 2 गिरफ्तार:2 थार और 4 मोबाइल भी जब्त
सैकड़ों लोगों को टेलीग्राम और वॉटसऐप पर फर्जी ट्रेड लिंक भेजकर करोड़ों रुपए की साइबर ठगी करने वाले दो युवकों को टोंक जिले की डीएसटी और सदर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 2 थार गाड़ी, चार मोबाइल जब्त किए है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी करने में 68 फर्जी सिमकार्ड उपयोग में लिए थे। हालांकि आरोपियों ने कितने लोगों से कितनी राशि की ठगी की है, इसकी फिलहाल जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आंकड़ा करोड़ों रुपए पहुंचने की आशंका है। कार्रवाई ASP रतनलाल भार्गव, टोंक डीएसपी मृत्युजंय मिश्रा के नेतृत्व में की गई। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों द्वारा अलग-अलग मोबाइन नंबरों का उपयोग साइबर ठगी में किया गया है, राशि भी अलग-अलग फर्जी खातों में ट्रांसफर करवाई गई है। इन खातों की एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के रिकॉर्ड से भी जांच की जा रही है। बैंक खातों में करोड़ों रुपए की राशि का लेनदेन सामने आया है।

दोनों आरोपी द्वारा साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए कुल 68 फर्जी सिम कार्ड प्रयोग किए गए। इनमें से कुलदीप मीणा, निवासी दौसाडा थाना मंडावरी जिला दौसा ने 60 और दिलखुश गुर्जर निवासी रजमाणा थाना चौथ का बरवाड़ा जिला सवाई माधोपुर ने 8 सिम कार्ड काम में लिए थे। आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी से आए रुपयों से खरीदी गई दो थार गाड़ी भी जब्त की गई। इसके अतिरिक्त एक आरोपी के पास से साइबर ठगी की कैश रकम 10,020 रुपए भी जप्त किए गए है।