Crime News: थार से अपहरण के बाद युवक की बेरहमी से हत्या, मामला दर्ज

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जंहा उलियाना गांव निवासी मनखुश मीणा की अपहरण के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है और जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर भारी भीड़ जमा है।
मोबाइल विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल:-
बताया जा रहा है कि मामूली मोबाइल विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब आधा दर्जन लोग थार गाड़ी में सवार होकर आए और मनखुश का जबरन अपहरण कर ले गए। रातभर तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
सुबह मिला शव, हत्या की पुष्टि:-
शनिवार सुबह सुरवाल थाना क्षेत्र के सेलू गांव चौराहे (खाट का नाला) के पास मनखुश का शव बरामद हुआ। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है।
तीन नामजद सहित कई पर केस दर्ज:-
घटना की सूचना मिलते ही सुरवाल, मानटाउन और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों को ढूंढ रही पुलिस:-
उप पुलिस अधीक्षक उदय सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मोबाइल विवाद की बात सामने आई है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्पताल में तनाव, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन:-
इधर, जिला अस्पताल में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। परिजन और ग्रामीण शव लेने से इनकार कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन मौके पर मौजूद है और हालात को संभालने की कोशिश जारी है।