Crime News: एक करोड़ के ‘दुर्लभ कछुए’ का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार

post 22 (1)

अलवर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने एक दुर्लभ कछुए के नाम पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आसीन उर्फ मूंसा, राहुल सैन, महेन्द्र जोगी निवासी बीजवाड़ नरूका तथा नोवताराम उर्फ कट्टू बाबरिया निवासी बैराठ शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार परिवादी उन्नस खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जनवरी माह में आसीन ने उसे फोन कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। अगले दिन आरोपी उससे मिले और हरे रंग का एक कछुआ दिखाते हुए उसकी कीमत एक करोड़ रुपये बताई। इसके बाद 10 लाख रुपये में कछुआ बेचने का सौदा तय किया गया।

पीड़ित ने आरोपियों को तीन किश्तों में कुल 10 लाख रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी उसे एक स्थान पर ले गए, जहां कछुए को मृत बताकर नोवताराम उर्फ कट्टू बाबरिया को डॉक्टर बनाकर उससे जांच कराई। जब पीड़ित ने मृत कछुआ लेने की बात कही तो वहां पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति को बुलाकर उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे वह डरकर वहां से चला गया। बाद में उसने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले परिचितों का हवाला देकर पीड़ित का विश्वास जीता और फिर करोड़ों रुपये कीमत वाले दुर्लभ कछुए का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नोवताराम बाबरिया के खिलाफ पहले भी इसी तरह की ठगी का मामला दर्ज है। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की जांच में जुटी हुई है।