Crime News: एम्बुलेंस की आड़ में मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा, तीन युवक गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर

Crime News: एम्बुलेंस की आड़ में मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा, तीन युवक गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर
Rajasthan News: एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हनुमानगढ़ जंक्शन इलाके से 20 किलो 800 ग्राम पोस्त के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इस संबंध में जंक्शन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जंक्शन थाना पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि एक एम्बुलेंस के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने सतीपुरा क्षेत्र में नाकाबंदी कर टाउन की ओर से आ रही एम्बुलेंस नंबर PB-6-BC-8024 को रुकवाया।
20 किलो पोस्त बरामद:-
तलाशी के दौरान एम्बुलेंस में चालक सीट पर ड्राइवर के साथ एक युवक बैठा मिला, जबकि पीछे स्ट्रेचर पर एक अन्य युवक लेटा हुआ था। स्ट्रेचर के पास रखे एक कट्टे पर पुलिस को संदेह हुआ। जांच करने पर कट्टे से 20 किलो 800 ग्राम पोस्त बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों युवक मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त पाए गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच उपनिरीक्षक गजेंद्र शर्मा को सौंपी गई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार:-
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह (32) निवासी बाघापुराना, जिला मोगा (पंजाब), कुलविंदर सिंह (24) निवासी हरिपुरा, संगरिया और कमल सिंह (18) निवासी दीनगढ़, संगरिया के रूप में हुई है।
पूछताछ जारी:-
जंक्शन थाना प्रभारी सीआई रामचंद्र कसवां ने बताया कि आरोपी आपातकालीन सेवाओं में लगी एम्बुलेंस का दुरुपयोग कर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।