Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने ही ली अपनी 4 साल की बच्ची की जान, पुलिस ने किया गिरफ्तार

post 1909 (1)

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में 17 अप्रैल को 4 वर्षीय बच्ची गरिमा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी मां शीला को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाधिकारी राजेश मीणा ने मंगलवार को बताया कि आरोपी महिला को घटनास्थल पर ले जाकर मौका तस्दीक (क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन) कराया गया। इसके साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है।

पारिवारिक विवाद के चलते वारदात:-

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल की सुबह पारिवारिक विवाद के चलते शीला ने अपनी चार वर्षीय बेटी गरिमा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने कथित रूप से आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपने दोनों हाथों की नसें काट लीं।

राजगढ़ थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि पुराना राजगढ़ गांव में रहने वाले संतोष सैनी की पत्नी शीला (35) उस रात अपने दोनों बच्चों—गरिमा (4) और यश (6)—के साथ कमरे में सो रही थी।

सुबह सामने आया मामला:-

17 अप्रैल सुबह करीब 6 बजे संतोष के बड़े भाई सूरज ने बच्चों को स्कूल जाने के लिए आवाज लगाई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर जब वह अंदर पहुंचे तो देखा कि शीला के हाथों से खून बह रहा था और छोटी बच्ची गरिमा के गले पर रस्सी के निशान थे।

परिजनों ने तत्काल बच्ची को राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद सूरज सैनी ने राजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस जांच में सामने आए तथ्य:-

रिपोर्ट के अनुसार, सूरज सैनी ने आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई संतोष की पत्नी शीला ने ही अपनी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने बताया कि बच्ची अक्सर दिन में अपनी दादी के पास रहती थी, लेकिन 16 अप्रैल की रात को शीला उसे अपने कमरे में ले गई थी। इसी रात कथित रूप से यह दर्दनाक घटना हुई।

पारिवारिक पृष्ठभूमि:-

जानकारी के अनुसार, संतोष सैनी की शादी वर्ष 2017 में अलवर निवासी शीला सैनी से हुई थी। परिवार एक ही मकान में संयुक्त रूप से रह रहा था।

You may have missed