Crime News: राजस्थान में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, पिता ने नाबालिग बेटी का वर्षों तक किया यौन शोषण

post 105

Crime News: राजस्थान में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, पिता ने नाबालिग बेटी का वर्षों तक किया यौन शोषण

Crime News: जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी को लंबे समय तक दरिंदगी का शिकार बनाया। आरोप है कि वह करीब 12 वर्षों तक बड़ी बेटी का लगातार यौन शोषण करता रहा। जब उसकी नीयत छोटी बेटी पर भी खराब हुई और उसने उसके साथ छेड़छाड़ की, तब जाकर यह खौफनाक सच सामने आया।

6 साल की उम्र से हो रहा यौन शोषण:-

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह महज छह साल की थी, जब आरोपी पिता ने उसके साथ पहली बार मारपीट कर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार डर और धमकियों के जरिए उसे चुप रखता रहा। आरोपी कहता था कि अगर उसने किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देगा। भय के माहौल में बच्ची ने बचपन से लेकर किशोरावस्था तक यह पीड़ा सहन की।

छोटी बेटी की हिम्मत से खुला राज:-

कुछ दिन पहले आरोपी ने 15 वर्षीय छोटी बेटी के साथ भी छेड़छाड़ करने की कोशिश की। हालांकि छोटी बेटी ने साहस दिखाया और खुद को बचा लिया। उसने तुरंत बड़ी बहन को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों बहनों ने मां को सच्चाई बताने का निर्णय लिया।

सच्चाई सामने आते ही परिवार में हंगामा:-

जब मां को पूरे मामले की जानकारी हुई तो उसने पति का विरोध किया। इस पर घर में विवाद हुआ और बात अन्य परिजनों तक पहुंच गई। पुलिस में शिकायत की आशंका से घबराकर आरोपी पिता घर से फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी:-

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों पीड़ित बेटियों के बयान दर्ज कर मेडिकल जांच कराई गई है। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।