Crime News: 5 गुना पैसा करने का झांसा देकर थमाए ‘चिल्ड्रन बैंक’ के नोट, नकली नोटों की 14 गड्डियां जब्त, आरोपी गिरफ्तार

post 803 (1)

Crime News: 5 गुना पैसा करने का झांसा देकर थमाए ‘चिल्ड्रन बैंक’ के नोट, नकली नोटों की 14 गड्डियां जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। यदि कोई व्यक्ति आपको कम रकम के बदले पांच गुना अधिक पैसा देने का लालच दे, तो सतर्क हो जाएं। यह ठगी का नया तरीका हो सकता है।

जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और मुरलीपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बच्चों के खेलने वाले नकली नोटों के जरिए ठगी करने वाले शातिर बदमाश पीयूष चौधरी (21) निवासी झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पत्रकार कॉलोनी थाने में दर्ज एक मामले में 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बिना नंबर की सफेद कार में सवार होकर ठगी की वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सीकर रोड स्थित ढेहर का बालाजी क्षेत्र में पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कार लेकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे टायर फट गया और पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया।

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने भूरे रंग के बैग में 500-500 रुपये की 14 गड्डियां बरामद कीं, जिनमें कुल 1,400 नकली नोट थे। इसके अलावा कार से सात फर्जी नंबर प्लेट और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को असली नोटों के बदले पांच गुना अधिक नकली नोट देने का झांसा देता था। वह गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों का भरोसा जीतता था, जबकि बीच में बच्चों के खेलने वाले नोट रखे होते थे, जिन पर ‘भारतीय बच्चों का बैंक’ लिखा होता था।

आरोपी अपने शिकार को सुनसान स्थान पर बुलाता, नोटों की जल्दबाजी में जांच करवाता और पुलिस आने का डर दिखाकर नकली गड्डियां थमाकर फरार हो जाता था।

You may have missed