RGHS के दुरुपयोग पर सख्त मुख्यमंत्री, एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा, स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू
RGHS के दुरुपयोग पर सख्त मुख्यमंत्री, एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा, स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू
Rajasthan News: जयपुर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के दुरुपयोग पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 108 एंबुलेंस सेवा के साथ-साथ 104 जननी एक्सप्रेस एवं ममता एक्सप्रेस सेवाओं की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में देरी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और यह सुनिश्चित किया जाए कि एंबुलेंस समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने दूरदराज इलाकों तक इन सेवाओं की प्रभावी पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता और जांच सुविधाओं की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आरजीएचएस के तहत किसी भी प्रकार के दुरुपयोग पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। इसके लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत करने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा लापरवाह कार्मिकों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंचे, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजकीय विद्यालयों में आयोजित हो रहे नेत्र जांच शिविरों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संभाग स्तर पर इन शिविरों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।