तूफानी हवा के बीच बस-कार की भिड़ंत, दो युवकों की मौत

3

तूफानी हवा के बीच बस-कार की भिड़ंत, दो युवकों की मौत

फलोदी। फलोदी में शनिवार शाम मौसम के बदले मिजाज के बीच जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देचू क्षेत्र के मंडला कला के पास 85 मील पर निजी बस और कार की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार शाम उस समय हुई जब तूफानी हवा के बीच एक कार और निजी बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर से कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए देचू उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।