Breaking News: राजस्थान में आज रात 12 बजे से 108 और 104 एंबुलेंस सेवा बंद, कर्मचारी यूनियन ने किया हड़ताल का एलान

post 890 (1)

Breaking News: राजस्थान में आज रात 12 बजे से 108 और 104 एंबुलेंस सेवा बंद, कर्मचारी यूनियन ने किया हड़ताल का एलान

Rajasthan News: जयपुर, तीन सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने रविवार रात 12 बजे से प्रदेशभर में 108 और 104 एंबुलेंस सेवाएं बंद करने की घोषणा की है। इस फैसले से मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एंबुलेंस कर्मचारी लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी और ड्यूटी समय आठ घंटे निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे गए और वार्ताएं भी हुईं, बावजूद इसके कोई समाधान नहीं निकल पाया।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जब तक वर्तमान वेतन में 30 प्रतिशत वृद्धि, ड्यूटी समय आठ घंटे तय करने और वार्षिक वेतन बढ़ोतरी की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मजबूरी में अब रविवार रात 12 बजे से प्रदेशभर के एंबुलेंस कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 108 सेवा के तहत 1094 और 104 सेवा के तहत करीब 600 एंबुलेंस संचालित हैं, जो आंदोलन के दौरान बंद रहेंगी।

श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप:-

राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने 12 घंटे की ड्यूटी को श्रम कानूनों का उल्लंघन बताया है। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि 23 दिसंबर को आरएफपी में संशोधन कर जारी किए गए शुद्धिपत्र में 104 एंबुलेंस कर्मचारियों का वेतन 12,730 रुपये और ड्यूटी समय 12 घंटे दर्शाया गया है, जो नियमों के विपरीत है।

उन्होंने बताया कि यूनियन ने 24 दिसंबर को ज्ञापन सौंपकर वेतन में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी, हर साल 10 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि और ड्यूटी समय आठ घंटे करने की मांग रखी थी, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया है।