बीकानेर: इस रोड पर फिर खोदा गड्ढा राहगीरों की आफत, दिनभर जाम में जूझते रहे शहरवासी

8

बीकानेर: इस रोड पर फिर खोदा गड्ढा राहगीरों की आफत, दिनभर जाम में जूझते रहे शहरवासी
बीकानेर। शहर के हृदय स्थल जूनागढ़ के समीप से गुजरने वाला मुख्य मार्ग पिछले पांच महीनों से आमजन के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थिति तब और खराब हो गई जब बंद रास्ते के आगे एक और नया गड्ढा खोद दिया गया। इसके चलते वैकल्पिक मार्ग पर भी दिनभर यातायात ठप रहा और राहगीर भीषण जाम में फंसे रहे।

हालांकि, सोमवार शाम को गड्ढा भरने के बाद आवाजाही शुरू हुई, लेकिन मुख्य मार्ग अब भी बंद है। मुख्य रास्ते के आगे अचानक खुदाई शुरू हुई, तो वाहन चालकों के पास निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा। जूनागढ़ के पास का यह रास्ता पिछले 150 दिनों से भी अधिक समय से बंद है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले सड़क निर्माण के नाम पर रास्ता रोका गया, फिर सीवरेज चैंबर का काम शुरू हुआ। अब मामला नाले के गलत निर्माण को लेकर उलझ गया है। स्थानीय लोगों के विरोध के कारण फिलहाल काम बंद पड़ा है, लेकिन प्रशासन ने इस मार्ग को सुचारू करने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है।

You may have missed