बीकानेर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक अन्य घायल

post 131 (1)

बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सुषमा शेखावत के अनुसार, उपनी निवासी चेतनराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र अशोक कुमार मेघवाल (28) अपने साथी धर्मेंद्र पड़िहार के साथ बाइक से बीकानेर की ओर से कृषि फार्म पर लौट रहा था। इसी दौरान सुरधना से किंप रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में पीछे बैठे अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे धर्मेंद्र पड़िहार के हाथ में गंभीर चोट आई। घायल को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई धर्मेंद्र मीणा को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और आसपास के साक्ष्यों व तकनीकी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।