बीकानेर: पहली पत्नी की मौत के बाद जिस महिला संग लिव-इन में रह रहा था शख्स, उसी ने बच्चों संग मिलकर मार डाला

post 147 (1)

बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां 50 वर्षीय मूलाराम जाट की लाठियों और डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की लिव-इन पार्टनर महिला विद्या देवी को हिरासत में लिया है, जबकि उसकी दो बेटियों और एक बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मूलाराम जाट की पहली पत्नी का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। पहली पत्नी से मूलाराम की दो बेटियां और एक बेटा है, जिनमें से बेटियों की शादी हो चुकी है। पहली पत्नी की मौत के बाद मूलाराम की पहचान हंसेरा गांव निवासी तलाकशुदा महिला विद्या देवी से हुई और दोनों लंबे समय से हंसेरा में साथ रह रहे थे। इस रिश्ते से उनकी दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मूलाराम और विद्या देवी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि इसने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान विद्या देवी, उसके बेटे और बेटियों ने मिलकर मूलाराम पर लाठियों और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें लगने के कारण मूलाराम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लूणकरनसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मृतक के भाई हेमाराम जाट की रिपोर्ट पर विद्या देवी, उसकी दो पुत्रियों और एक पुत्र के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।

You may have missed