बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.10 ग्राम मेफेड्रोन के साथ युवक गिरफ्तार

post 344 (1)

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को मादक पदार्थ मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.10 ग्राम मेफेड्रोन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश आईपीएस और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा नगर वृत्ताधिकारी अनुज डाल आरपीएस के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी विजेंद्र कुमार सीला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेश कुमार भादू पुलिस टीम के साथ 19 मई 2026 को गश्त पर थे। इस दौरान लालगढ़ क्षेत्र स्थित मुर्गा ग्राउंड रेलवे कॉलोनी के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने लगा, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक के पास से 6.10 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। आरोपी की पहचान विपिन चांवरिया पुत्र सुदेश कुमार (20) निवासी रामपुरा बस्ती, थाना मुक्ताप्रसाद नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।