बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब की दो भट्टियां ध्वस्त

बीकानेर: नशा मुक्ती अभियान के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के अंतर्गत रणजीतपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथकड़ शराब निर्माण के दो अलग-अलग ठिकानों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 9.5 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की, जबकि करीब 180 लीटर कच्चा लाहण नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल तथा सीओ कोलायत संग्राम सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 अप्रैल को प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
पहले मामले में चक 25 डीओबीबी क्षेत्र में धर्मसिंह (70) को अवैध शराब निर्माण करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी द्वारा सब्जी की खेती की आड़ में सरकारी भूमि पर अवैध भट्टी संचालित की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 5 लीटर देशी शराब एवं लगभग 120 लीटर लाहण बरामद कर नष्ट किया।
दूसरे मामले में चक 1 एएम राववाला निवासी जस सिंह उर्फ जगसीर सिंह (55) को खेत में अवैध भट्टी लगाकर शराब बनाते हुए पकड़ा गया। आरोपी पशुओं के चारे की आड़ में भट्टी का संचालन कर रहा था। पुलिस ने यहां से 4.5 लीटर देशी शराब तथा करीब 60 लीटर लाहण जब्त कर नष्ट किया।
दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में एएसआई आनंद सिंह, कांस्टेबल प्रतापदान, राजू चौधरी, लालाराम एवं जगदीश कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल प्रतापदान द्वारा दी गई सटीक सूचना इस कार्रवाई की सफलता में निर्णायक रही।