बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ सहित आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर: महाजन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा पोस्त सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीकानेर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत लूणकरणसर वृत्ताधिकारी (सीओ) रणवीर चौधरी के निर्देशन में शनिवार देर रात अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर जैतपुर के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान अरजनसर की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से करीब 40 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कोई संतोषजनक जबाब नही दिया। आरोपी की पहचान दीपक पुत्र रमेश कुमार अरोड़ा निवासी पीलीबंगा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया, साथ ही परिवहन में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच लूणकरणसर सीआई गणेश बिश्नोई को सौंपी गई है।