बड़ी खबर: राजस्थान में पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, लॉरेंस गैंग का सदस्य घायल

post 1537 (1)

श्रीगंगानगर। जिले में गुरुवार तड़के पुलिस और एक कुख्यात गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। फायरिंग के दौरान बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल आरोपी लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना सूरतगढ़ बाईपास पुल पर तड़के करीब 3 बजे नाकाबंदी के दौरान हुई। पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी कि संजय उर्फ चद्दर उर्फ संजू अपने साथियों के साथ किसी वारदात की योजना बना रहा है।

नाकाबंदी के दौरान हुई मुठभेड़:-

सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान आरोपी बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह फायरिंग करते हुए भागने लगा। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी के दाएं पैर की जांघ में लग गई। घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।

अस्पताल में कड़ी सुरक्षा, इलाज जारी:-

घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

गैंग से जुड़ाव और आपराधिक रिकॉर्ड:-

पुलिस के अनुसार आरोपी लॉरेंस गैंग का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर पहले भी जानलेवा हमले हो चुके हैं।

वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर:-

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी और डीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की जांच में जुटी है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।