कार पलटने से भजन गायक की मौत, बेटा और उनके साथी भी साथ थे

कार पलटने से भजन गायक की मौत, बेटा और उनके साथी भी साथ थे
उदयपुर में सड़क हादसे में मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक की मौत हो गई। वे भजन संध्या में शामिल होकर बेटे और अपने साथियों के साथ वापस लौट रहे थे। रास्ते में बैलेंस बिगड़ने पर कार पलट गई और भजन गायक की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर घायल है। बेटा और अन्य लोग हादसे से पहले उदयपुर में किसी काम से कार से उतर गए थे। हादसा डबोक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर आज सुबह करीब 5 बजे का है। थानाधिकारी गोपाल नाथ ने बताया कि हादसे में भजन गायक धनराज जोशी की मौत हुई है। वे चित्तौड़गढ़ के बड़वाई के रहने वाले थे। वहीं ड्राइवर राजेंद्र सोनेरी घायल है। थानाधिकारी ने बताया कि भजन गायक हल्दीघाटी स्थित सैमन गांव में भजन संध्या में गए थे। बेटे और अन्य साथियों के साथ गुरुवार रात वापस बड़वाई अपने घर लौट रहे थे। उनका बेटा और उनके साथी उदयपुर में काम होने पर कार से उतर गए। दरोली गांव और एयरपोर्ट के बीच नेशनल हाईवे-27 पर कार का बैलेंस बिगड़ गया। कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।