बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार से दुखी अशोक गहलोत, सोशल मीडिया पर लिखा—महज घटनाएं नहीं, यह मानवता पर कलंक

post 989

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार से दुखी अशोक गहलोत, सोशल मीडिया पर लिखा—महज घटनाएं नहीं, यह मानवता पर कलंक

Rajasthan News: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि बांग्लादेश से हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ बर्बर घटनाओं की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि महज 19 दिनों में 5 हिंदुओं की हत्या और महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार मानवता को शर्मसार करने वाले हैं।

इंदिरा गांधी के नेतृत्व की याद दिलाई:-

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए गहलोत ने लिखा कि 1971 की घटनाएं आज भी स्मृति में ताजा हैं, जब इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत ने कूटनीतिक मजबूती के साथ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया था और इतिहास के साथ-साथ भूगोल तक बदल दिया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उस समय भारत ने अमेरिका जैसी महाशक्ति की भी परवाह नहीं की थी, जिसने भारत के खिलाफ अपना सातवां बेड़ा भेज दिया था।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना:-

गहलोत ने इसे भारत सरकार की कूटनीतिक विफलता बताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस देश के निर्माण में भारत की अहम भूमिका रही, वही आज भारत विरोधी रुख अपना रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि ‘गहरी चिंता’ जैसे औपचारिक बयानों से आगे बढ़कर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों के जीवन, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना भारत की नैतिक और कूटनीतिक जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग:-

अंत में गहलोत ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि केवल नारों से नहीं, बल्कि निर्णायक नेतृत्व से ही निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर प्रभावी दबाव बनाएं।