गर्मी बढ़ते ही पावर डिमांड में उछाल, बिजली खपत 500 लाख यूनिट से ज्यादा बढ़ी

राजस्थान: गर्मी के बढ़ते असर के साथ ही प्रदेश में बिजली की मांग ने रफ्तार पकड़ ली है। तेज धूप और लू के चलते पावर डिमांड में अचानक उछाल देखने को मिला है। पिछले 10 दिनों में बिजली की खपत में 500 लाख यूनिट से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अप्रैल के शुरुआती दिनों में बेमौसम बारिश के कारण बिजली की मांग में गिरावट आई थी और यह करीब 2000 लाख यूनिट तक सिमट गई थी। लेकिन जैसे-जैसे तापमान बढ़ा, वैसे-वैसे बिजली की खपत भी तेजी से बढ़ने लगी।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 11 अप्रैल को 2307 लाख यूनिट, 12 अप्रैल को 2285 लाख यूनिट, 13 अप्रैल को 2439 लाख यूनिट, 14 अप्रैल को 2634 लाख यूनिट, 15 अप्रैल को 2676 लाख यूनिट, 16 अप्रैल को 2814 लाख यूनिट, 17 अप्रैल को 2754 लाख यूनिट, 18 अप्रैल को 2781 लाख यूनिट और 19 अप्रैल को 2687 लाख यूनिट बिजली की आपूर्ति की गई।
हालांकि, पिछले साल की तुलना में फिलहाल मांग कम बनी हुई है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए आने वाले दिनों में बिजली की खपत और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।