Aravalli News: अरावली में नए खनन पट्टों पर केंद्र की रोक, सीएम भजनलाल ने बताया ऐतिहासिक, गहलोत बोले– इसमें कुछ भी नया नहीं

Aravalli News: अरावली में नए खनन पट्टों पर केंद्र की रोक, सीएम भजनलाल ने बताया ऐतिहासिक, गहलोत बोले– इसमें कुछ भी नया नहीं

Aravalli News: जयपुर, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने अरावली पर्वतमाला क्षेत्र में नए खनन पट्टों पर रोक लगा दी है। केंद्र सरकार ने राज्यों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए अरावली क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नए माइनिंग लीज के आवंटन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा है। इस निर्णय का असर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात में फैले अरावली क्षेत्र पर पड़ेगा।

इस फैसले को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऐतिहासिक करार दिया है। वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र के फैसले में कुछ भी नया नहीं है।

अरावली पर्वतमाला की नई परिभाषा को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही केंद्र सरकार ने अब इसके संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एक रणनीति तैयार की है, जिसके तहत राज्यों को नए खनन पट्टे जारी न करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पत्र साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अरावली संरक्षण को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के तहत पूरी अरावली पर्वतमाला में नए खनन पट्टों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा, अतिरिक्त ईको-सेंसिटिव जोन चिन्हित किए जाएंगे और विज्ञान आधारित सस्टेनेबल माइनिंग प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर दशकों तक अवैध खनन माफिया को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बिंदु 50 के उप-बिंदु (v) के तहत ICFRE द्वारा ‘मैनेजमेंट प्लान फॉर सस्टेनेबल माइनिंग’ तैयार होने तक नए पट्टों पर रोक लगाने की प्रक्रिया का ही हिस्सा है। उन्होंने इसे हेडलाइन मैनेजमेंट बताते हुए कहा कि जनता को भ्रमित करना अब आसान नहीं है।

Scroll to Top