Accident: अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत, परिवार में पसरा मातम

post 92

Accident: अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत, परिवार में पसरा मातम

अलवर: कठूमर थाना क्षेत्र के सिटाहेडा–बीजला मार्ग पर मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। टिटपुरी से अपने गांव बीजला लौट रहे दादा और पोते की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार बीजला निवासी तेजपाल पुत्र हरिसिंह जाट (58) मंगलवार दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच अपने आठ वर्षीय पोते अभिषेक के साथ किसी काम से टिटपुरी गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों ट्रैक्टर से गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिटाहेडा और बीजला के बीच सड़क किनारे अचानक ट्रैक्टर की पावर स्टीयरिंग खराब हो गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया।

हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से मासूम अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अलवर के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान तेजपाल ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया है। बताया गया है कि दादा-पोते का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

You may have missed