Accident : न्यू ईयर पार्टी से लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, 9 दिसंबर को हुई थी शादी, पत्नी बोली-उजड़ गई मेरी दुनिया

post 950 (1)

Accident : न्यू ईयर पार्टी से लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, 9 दिसंबर को हुई थी शादी, पत्नी बोली-उजड़ गई मेरी दुनिया

Accident  News: श्रीगंगानगर, नए साल की पार्टी से लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार तड़के करीब तीन बजे पदमपुर बाइपास पर चक 5 के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस से एक कार पीछे से जा टकराई। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सदर थानाधिकारी सीआई सुभाषचन्द्र ने बताया कि मृतक की पहचान शंकर कॉलोनी निवासी शिवम उतरेजा (28) के रूप में हुई है। शिवम की 9 दिसंबर को रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी निवासी भूमिका से लव मैरिज हुई थी। जानकारी के अनुसार, नवदंपती नए साल की पार्टी मनाने पदमपुर बाइपास स्थित एक फार्म हाउस गए थे।

पार्टी के दौरान शिवम ने किसी जरूरी काम का हवाला देकर अपनी कार की चाबी और मोबाइल पत्नी भूमिका को सौंप दिया और दोस्त की कार लेकर पदमपुर बाइपास से कोड़ा चौक की ओर निकल गया। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के चलते कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।

शव सुपुर्दगी को लेकर थाने में हंगामा:-

हादसे के बाद परिजन मर्ग दर्ज कराने सदर थाने पहुंचे। इसी दौरान मृतक की पत्नी भूमिका भी अपनी मां और परिचितों के साथ थाने पहुंची। भूमिका ने अपने ससुर और ननद पर गंभीर आरोप लगाते हुए शव उसे सौंपने की मांग को लेकर परिवाद दिया। दोनों पक्षों के दावे के चलते थाना परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई।
सीआई ने स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों को आपसी सुलह के लिए करीब दो घंटे का समय दिया। बाद में अरोड़वंश समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष अंकुर मगलानी की मध्यस्थता से समझाइश कराई गई।

पत्नी बोली—‘मेरी पूरी दुनिया उजड़ गई’

नवविवाहिता भूमिका ने अपने ससुर महेंद्र उतरेजा पर गंभीर आरोप लगाए। उसने बताया कि शिवम से उसकी दोस्ती दस साल से अधिक पुरानी थी, लेकिन परिवार ने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। पिछले वर्ष शिवम की शादी किसी और लड़की से करवा दी गई थी, जो दो महीने में तलाक में बदल गई। इसके बाद शिवम की मां की सहमति से 9 दिसंबर को गुरुद्वारे में दोनों की शादी हुई और नगर परिषद में विवाह पंजीयन भी कराया गया।

भूमिका का आरोप है कि ससुर ने शिवम के नाम की संपत्ति अपने नाम करवा ली और बैंक खाते में जमा करीब 16 लाख रुपए भी वापस ले लिए, जिससे शिवम मानसिक तनाव में रहने लगा। सीआई के सामने भूमिका ने अपने हाथों का चूड़ा दिखाते हुए भावुक होकर कहा— “यह चूड़ा शिवम को बहुत पसंद था, लेकिन पारिवारिक दबाव और तनाव ने मेरी पूरी दुनिया उजाड़ दी।”