Accident News: भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई पिकअप, 3 की मौत; 30 घायल

post 850 (1)

Accident News: उदयपुर, जिले के गोगुंदा क्षेत्र में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। मजावद गांव के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग इधर-उधर जा गिरे। हादसे में एक मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए। घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में 50 से अधिक लोग सवार थे, जो मोडवा गांव से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।

डीएसपी गोपाल चंदेल के अनुसार मृतकों की पहचान लखमाराम, नेमीचंद और पंकज के रूप में हुई है, जो मोडवा गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में वाहन की रफ्तार अधिक होना सामने आया है, वहीं चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना में घायल एक महिला ने बताया कि पूरा परिवार बगडुंदिया गांव में सांवरलाल के यहां आयोजित एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गया था। वापसी के दौरान चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था। अचानक वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और इमली के पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद कई लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि कुछ पास के खड्डे में जा गिरे।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक करीब 12 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

You may have missed