Accident: भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार पलटी, 2 कलाकारों की मौत, 8 घायल

post 818

Accident: भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार पलटी, 2 कलाकारों की मौत, 8 घायल

Accident News: राजस्थान के नागौर जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थांवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें अजमेर रैफर किया गया।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे नेशनल हाईवे-89 पर रियांबड़ी उपखंड के टेहला गांव के पास हुआ। जयपुर से बालोतरा की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। कार के कई बार पलटी खाने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा इतना तेज था कि आसपास के लोगों ने धमाके जैसी आवाज सुनी और तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आठों घायलों को अजमेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से तीन को गंभीर हालत में जेएलएन अस्पताल भेजा गया।

थांवला थाना पुलिसकर्मी महावीर यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान कटनी निवासी अमर गौतम और जालंधर (पंजाब) निवासी देव पुत्र लाल बहादुर के रूप में हुई है। दोनों के शव अजमेर जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घायलों में श्रुति चौहान (मुंबई), विजय उर्फ अमन (पालड़ी, जयपुर) और रोहित (मुंबई) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि सभी लोग जयपुर से बालोतरा एक शादी समारोह में डांस प्रस्तुति देने जा रहे थे। हादसे के समय कार में कुल 10 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

You may have missed