Accident: सांवलिया सेठ के दर्शन कर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, पुलिया से नीचे गिरी वैन; पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

post 864 (1)

Accident News: भीलवाड़ा, गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंडफिया स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन कर टोंक जिले के लाम्बा हरिसिंह लौट रहे एक परिवार की वैन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वैन के उड़े परखच्चे:-

पुलिस के अनुसार टोंक जिले के लाम्बा हरिसिंह कस्बे के निवासी नौरत जांगिड़ (50) रविवार सुबह परिवार सहित सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। दोपहर के समय गुलाबपुरा थाना इलाके में एनएच-48 पर विजय गोशाला के सामने उनकी वैन अचानक बेकाबू हो गई और पुलिया से नीचे गिर गई। नीचे गिरते ही वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही गुलाबपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले बिजयनगर के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान नौरत जांगिड़ (50) और उनके पुत्र कालू जांगिड़ (25), जो वाहन चला रहे थे, को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

चार लोग गंभीर घायल:-

इस हादसे में इन्द्रा पत्नी ताराचंद जांगिड़, उसकी पुत्री यशश्री उर्फ इशू, कोमल (28) पत्नी रमेश जांगिड़ और गौरव (12) पुत्र श्रवणलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का जेएलएन अस्पताल की आपातकालीन इकाई में उपचार जारी है। हादसे के दौरान परिजनों की गोद में बैठा एक मासूम सुरक्षित बच गया, उसे मामूली खरोंचें आई हैं।