सड़क हादसे में एबीवीपी छात्र नेता की मौत, संगठन और बीजेपी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर

सड़क हादसे में एबीवीपी छात्र नेता की मौत, संगठन और बीजेपी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर
बांसवाड़ा। जिले परतापुर-बांसवाड़ा मार्ग पर वजवाना गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एबीवीपी के युवा छात्र नेता नरेश राठौड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। नरेश राठौड़ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और वर्तमान में जिला संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन की खबर से छात्र संगठन और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा दुख है। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर परतापुर-बांसवाड़ा मार्ग पर वजवाना गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक पर नरेश राठौड़ और उनके चचेरे भाई मीर राठौड़ सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को एंबुलेंस की मदद से महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को उदयपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में नरेश राठौड़ के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोट लगी थी। उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल मीर राठौड़ के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी चोट आई है। उनका इलाज जारी है।