डिवाइडर पर चढ़ी सवारियों से भरी रोडवेज बस, ड्राइवर बोला- टेम्पो को बचाने के कारण हुआ हादसा

5

डिवाइडर पर चढ़ी सवारियों से भरी रोडवेज बस, ड्राइवर बोला- टेम्पो को बचाने के कारण हुआ हादसा

पाली में सोमवार की रात सवारियों से भरी रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़ कर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी सवारी को चोट नहीं आई। हालांकि गुस्साएं लोगों ने ड्राइवर के साथ हाथापाई की। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। घटना सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार- पाली डिपो की बस सोमवार शाम को जयपुर से पाली आ रही थी। नहर पुलिया बस डिपो पर सवारियां उतारने के बाद ड्राइवर नया बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। बस में 10-15 सवारियां बैठी थी। नहर पुलिया से बांगड़ स्कूल की तरफ जाने वाले रोड पर अहिंसा द्वार के पास बस असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और रेलिंग को तोड़ते हुए करीब 60 फीट तक चली। हादसे में बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई। मौके पर खड़े भाजपा नेता राकेश पंवार और चंद्रभान मारू सहित अन्य युवाओं ने बस से सवारियों को निकाला। इस दौरान गुस्साए कुछ लोगों ने ड्राइवर के साथ मारपीट भी की। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को भीड़ से बचाया। दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद लोग मौके पर जमा हो गए।