पूगल : वन क्षेत्र में लगी भीषण आग, खेतों तक फैलने का खतरा

7

पूगल : वन क्षेत्र में लगी भीषण आग, खेतों तक फैलने का खतरा

बीकानेर। पूगल क्षेत्र की आरडी 97 के पास स्थित स्केप झील के वन क्षेत्र में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

आग की लपटों के चलते आसपास के पीबी क्षेत्र के गांवों और गेहूं के खेतों तक खतरा बन गया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन रेत के टीलों के कारण वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे आग बुझाने में देरी हुई।

उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई के निर्देश पर तहसीलदार और पटवारी ने भी मौके का निरीक्षण किया। प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। हवा का दबाव कम होने से आग का असर कुछ कम जरूर हुआ है, लेकिन अभी तक पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। ग्रामीणों और प्रशासन की टीमें मिलकर आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं।