झोपड़ी में बच्चों के साथ सो रहा था पिता, पत्नी की चीख सुनकर जागा तो सामने था खौफनाक दृश्य

post 965 (1)

Rajasthan: दौसा, जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के निकटपुरी गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति पर सो रहे परिवार को जिंदा जलाने की नीयत से झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया गया है। आग लगने से झोपड़ी, टेंपो और घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए और बड़ी अनहोनी टल गई।

पीड़ित गजेंद्र के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर के अंदर सो रहा था। उसी दौरान खेत से गेहूं काटकर लौट रही उसकी पत्नी ने झोपड़ी में आग लगी देख शोर मचाया। आवाज सुनकर गजेंद्र की नींद खुली और उसने तुरंत बच्चों को लेकर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को घेर लिया और कुछ ही देर में सब कुछ जलकर राख हो गया।

भैंस की मौत, टेंपो भी जला:-

आग की भीषण लपटों में एक भैंस की जलने से मौत हो गई। वहीं घर में रखा राशन, चारा, गेहूं, ज्वैलरी, रजाई-गद्दे, बच्चों की साइकिल और मोबाइल फोन भी आग में नष्ट हो गए। इसके अलावा गजेंद्र का रोज़गार का मुख्य साधन बना टेंपो भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया।

गांव में मची अफरा-तफरी:-

घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

साजिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी:-

मानपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ सोते हुए परिवार को जिंदा जलाने की साजिश का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed