परिवार के 4 लोग कुएं में कूदे, 2 भाइयों की मौत, पत्नी को बचाने युवक ने छलांग लगाई

परिवार के 4 लोग कुएं में कूदे, 2 भाइयों की मौत, पत्नी को बचाने युवक ने छलांग लगाई
डीग जिले में पारिवारिक विवाद के चलते महिला कुएं में कूद गई। उसे बचाने के लिए पति ने भी कुएं में छलांग लगा दी। अपने भाई को कुएं में कूदता देख छोटा भाई और बहन भी कूद गई।
डूबने से दोनों भाइयों की मौत हो गई, जबकि ननद और भाभी की हालत नाजुक बनी हुई है। मामला जुरहरा थाने के बादीपुर गांव का सोमवार रात 9 बजे का है।
स्थानीय निवासी जल सिंह ने बताया- गांव के रविंद्र (26) के घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस पर रविंद्र की पत्नी महिंद्रा नाराज होकर घर से चिल्लाते हुए भागी और 250 मीटर दूर कुएं में छलांग लगा दी।
महिंद्रा को बचाने के लिए रविंद्र भी पीछे-पीछे भागा और कुएं में कूद गया। इनके पीछे रविंद्र का छोटा भाई तेजू (21) और बहन खुशबू भी कूद गई। शोर सुनकर ग्रामीण भी कुएं की तरफ भागे और चारों को रस्सी की मदद से बाहर निकाला।
तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर चारों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद रविंद्र और तेजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिंद्रा और खुशबू को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।