US Action on Venezuela: कोर्ट में फूट पड़ा मादुरो का दर्द, बोले– ‘मुझे अगवा किया गया’, जज ने क्या कहा?

post 983

US Action on Venezuela: कोर्ट में फूट पड़ा मादुरो का दर्द, बोले– ‘मुझे अगवा किया गया’, जज ने क्या कहा?

US Strikes Venezuela: वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद न्यूयॉर्क की एक फेडरल कोर्ट में पेश किया गया। सोमवार को हुई पहली सुनवाई के दौरान मादुरो ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें जबरन उठाया गया है और वह एक युद्धबंदी हैं।

कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाए गए मादुरो ने ट्रांसलेटर के जरिए जज से कहा, “मैं एक अपहृत राष्ट्रपति हूं, मुझे किडनैप किया गया है और मैं युद्धबंदी हूं।”

न्यूयॉर्क में हैं मादुरो और उनकी पत्नी:-

अमेरिकी डेल्टा फोर्स ने शनिवार सुबह एक सैन्य अभियान के तहत वेनेजुएला के एक मिलिट्री बेस से मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया और बाद में दोनों को न्यूयॉर्क लाया गया।

कोर्ट की कार्यवाही के दौरान मादुरो और फ्लोरेस ने 25 पन्नों की चार्जशीट में लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया। मादुरो ने कहा, “मैं निर्दोष हूं, मैंने कोई अपराध नहीं किया। मैं अब भी अपने देश का राष्ट्रपति हूं।”

जज ने क्या कहा?

फ्लोरेस ने भी खुद को वेनेजुएला की फर्स्ट लेडी बताया। जब मादुरो ने किडनैप किए जाने की बात दोहराई, तो जज एल्विन हेलरस्टीन ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि कोर्ट में उन्हें सिर्फ अपनी पहचान तक सीमित रहना होगा।

मादुरो के वकील बैरी पोलैक ने कोर्ट में दलील दी कि किसी राष्ट्राध्यक्ष की गिरफ्तारी की वैधता पर सवाल उठाया जा सकता है, क्योंकि ऐसे पद पर रहने वाले व्यक्ति को संप्रभु प्रतिरक्षा प्राप्त होती है।

वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने साफ किया कि यह कार्रवाई युद्ध नहीं बल्कि कानून प्रवर्तन की प्रक्रिया का हिस्सा थी।

फेडरल लॉकअप में रखा गया

मादुरो और फ्लोरेस को एक फेडरल लॉकअप में रखा गया है, जिसकी स्थिति को लेकर पहले भी न्यायाधीशों द्वारा नाराजगी जताई जा चुकी है। कोर्ट में पेशी के दौरान साधारण कपड़ों में मादुरो किसी आम कैदी जैसे नजर आए।

कोर्टरूम में प्रवेश करते ही मादुरो ने अमेरिकी मार्शलों के साथ “ब्यूनोस डियास” कहकर अभिवादन किया।

फ्लोरेस के माथे पर पट्टी बंधी हुई थी। उनके वकील मार्क डोनेली ने कोर्ट को बताया कि गिरफ्तारी के दौरान उन्हें चोट लगी थी और उनकी पसलियों में फ्रैक्चर की आशंका है।

क्या है मादुरो और उनकी पत्नी पर आरोप?   

मादुरो और फ्लोरेस पर नार्को-टेररिज्म की साजिश रचने का आरोप है। अभियोजन के अनुसार, दोनों ने वेनेजुएला की सेना और खुफिया एजेंसियों का इस्तेमाल कर अमेरिका में भारी मात्रा में कोकीन की तस्करी करवाई। इसके अलावा उन पर हथियार रखने, खतरनाक डिवाइस रखने की साजिश और कोलंबिया के आतंकी संगठनों से संबंध रखने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मादुरो पर ड्रग मनी को ट्रांसफर करने के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का भी आरोप है, जिनमें से कुछ मामलों में मौत की सजा तक हो सकती है। वहीं फ्लोरेस पर ड्रग कार्टेल से रिश्वत लेने के आरोप हैं।

कोर्ट के बाहर हंगामा:-

सुनवाई के दौरान कोर्ट भवन के बाहर मादुरो के समर्थकों और विरोधियों की भारी भीड़ जमा रही। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग रखा। प्रदर्शन के दौरान वेनेजुएला के झंडों के साथ-साथ ट्रंप के समर्थन वाले झंडे भी नजर आए।

गौरतलब है कि मादुरो ने पहले कोर्ट द्वारा नियुक्त वकील को बदलते हुए बैरी पोलैक को अपना निजी वकील चुना है, जो पहले विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे का भी केस लड़ चुके हैं।