Rajasthan: ANTF की बड़ी कार्रवाई, MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़; 100 किलो ड्रग्स बरामद, मुठभेड़ के बाद 6 गिरफ्तार

post 1861 (1)

जोधपुर: राजस्थान में ‘नशा मुक्त प्रदेश’ के संकल्प के तहत भजनलाल शर्मा सरकार को बड़ी सफलता मिली है। जोधपुर के बालेसर इलाके में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने देर रात छापेमारी कर एमडी ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा की निगरानी और ANTF के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में की गई। इस ऑपरेशन को राज्य की अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स विरोधी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेर लिया, जिसके बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला और पूरी रात चली मुठभेड़ के बाद 6 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

भागने के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जिसकी टांग टूटने की जानकारी सामने आई है। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 100 किलो एमडी ड्रग्स और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है कि इस फैक्ट्री से तैयार नशे का सामान किन राज्यों और शहरों में सप्लाई किया जा रहा था।

इस कार्रवाई को राज्य सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो प्रदेश को नशे के जाल से मुक्त करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।