Accident News: तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत, चालक फरार
Accident News: तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत, चालक फरार
Accident News: राजस्थान, बीदासर–गोपालपुरा मुख्य सड़क मार्ग पर कस्बे के केके हार्डवेयर के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी सवार महिला ट्रक के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार तहसील क्षेत्र के गांव बालेरा निवासी 27 वर्षीय सुशीला मंडा बीदासर बाजार से घरेलू सामान खरीदकर स्कूटी से वापस अपने गांव लौट रही थी। इसी दौरान दूंकर रोड पर बिना नंबर प्लेट वाले मूंगफली की बोरियों से भरे ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद लगा जाम:-
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को राजकीय सीएचसी भिजवाया।
मृतका के देवर सुरेंद्र ने पुलिस को दी लिखित रिपोर्ट में बताया कि सुशीला मंडा बीदासर से सामान खरीदकर स्कूटी से गांव बालेरा लौट रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी।
अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज:-
पुलिस ने सुरेंद्र की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतका अपने पीछे दो छोटे पुत्र छोड़ गई है।