Crime News: कंबल से नोट बरसाने का झांसा, ‘मौत का ड्रामा’ कर लाखों की ठगी; 4 शातिर गिरफ्तार

Crime News: राजस्थान के डीग जिले में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कामां थाना पुलिस और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके कब्जे से ठगी गई 4 लाख 35 हजार रुपए की राशि भी बरामद कर ली गई।
पुलिस अधीक्षक शरण कांबले के अनुसार, गिरोह लोगों को फोन के जरिए झांसे में लेकर सुनसान स्थान पर बुलाता था। अजमेर निवासी एक व्यक्ति को खेडली जल्लो क्षेत्र में बुलाकर पहले से रची गई साजिश के तहत ‘तांत्रिक’ बनकर बैठे आरोपी ने तंत्र-मंत्र और कंबल से नोट बरसाने का दिखावा किया।

जैसे ही पीड़ित ने आरोपियों को नकद राशि सौंपी, गिरोह ने ‘तांत्रिक की मौत’ का नाटक रचकर मौके पर डर का माहौल बना दिया और पुलिस कार्रवाई के भय से पीड़ित को वहां से भगा दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना पिछले करीब 10 वर्षों से इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम देता आ रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।