दर्दनाक हादसा: कच्ची रसोई गिरने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, मजदूरी करने गए थे माता-पिता

post 1834 (1)

राजस्थान के डीग जिले से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। कामवन थाना क्षेत्र के लेवड़ा गांव में कच्ची मिट्टी की बनी रसोई अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे सगे भाई-बहन थे।

माता-पिता मजदूरी पर गए थे:-

घटना के समय बच्चों के माता-पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर में सिर्फ बच्चे ही मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, 4 साल का बेटा और 5 साल की बेटी घर में खेल रहे थे, जबकि डेढ़ साल की सबसे छोटी बच्ची अपने माता-पिता के साथ गई हुई थी।

खेलते समय हुआ हादसा:-

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेल में व्यस्त थे, तभी अचानक कच्ची रसोई का हिस्सा गिर पड़ा और वे मलबे के नीचे दब गए। बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया:-

ग्रामीणों की मदद से बच्चों को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस जांच में जुटी:-

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी हुई है ।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-

एक ही हादसे में दो बच्चों की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि कच्चे मकानों की जर्जर स्थिति के कारण इस तरह के हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है।