राजस्थान: कहीं कट तो नहीं गया आपका वोट? 195 निकायों की नई वोटर लिस्ट जारी, चुनाव से पहले तुरंत चेक करें अपना नाम

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 22 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। नई सूची सामने आने के बाद चुनावी समीकरणों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि ड्राफ्ट लिस्ट की तुलना में कुल मतदाताओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
लाखों नाम हटे, नए मतदाता भी जुड़े:-
20 फरवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में कुल 1,13,29,913 मतदाता थे। अंतिम सूची तैयार करते समय 2,27,879 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 5,49,916 नाम हटाए गए। इस तरह लिस्ट से कुल 3,22,037 नाम कम हुए। इसका सीधा मतलब यह है कि पिछली बार के मुकाबले करीब 3% वोटर्स घट गए। अब कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 10 लाख 7 हजार 876 है
195 निकायों की सूची जारी, बाकी जल्द:-
प्रदेश में कुल 309 स्थानीय निकाय हैं, जिनमें से अभी 195 निकायों की मतदाता सूची जारी की गई है। शेष 113 निकायों की सूची तैयार की जा रही है और जल्द जारी होने की संभावना है।
मतदाताओं का वर्गीकरण:-
नई सूची के अनुसार कुल 56,57,921 पुरुष, 53,49,578 महिलाएं और 377 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। यह आंकड़े सभी वर्गों की भागीदारी को दर्शाते हैं।
चुनावी तैयारियां पूरी:-
चुनाव आयोग ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 39 जिलों में फैले 195 निकायों में कुल 6,485 वार्ड और 12,198 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से हो सके।
कैसे चेक करें अपना नाम?
अगर आपने ड्राफ्ट लिस्ट के बाद आवेदन किया था, तो अब अंतिम सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके लिए:
- राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाएं
- “Search Voter Name” या “Electoral Roll” पर क्लिक करें
- जिला, निकाय और वार्ड का चयन करें
- नाम या EPIC नंबर दर्ज करें
- आप चाहें तो अपने वार्ड की पूरी PDF सूची भी डाउनलोड कर सकते हैं। यदि ऑनलाइन नाम नहीं मिलता है, तो अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।